– इंडिया नज़र ब्यूरो
किच्छा – उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में चुनाव प्रचार थमने से पहले भाजपा ने पूरी ताकत झोंक दी है। किच्छा विधानसभा में भाजपा प्रत्याशी राजेश शुक्ला के पक्ष में असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा शर्मा, भजन गायक कन्हैया मित्तल, गजेंद्र वर्मा ने जनसभा को सम्बोधित किया। जनसभा से पहले भजन गायक कन्हैया मित्तल ने ‘जो राम को लाये हैं, हम उनको लाएंगे’ गीत गाकर खूब माहौल
बनाया।
किच्छा विधानसभा के भाजपा प्रत्याशी राजेश शुक्ला के पक्ष में इंदिरा गांधी खेल मैदान में आयोजित जनसभा में असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा शर्मा ने कहा कि हिमालय उत्तराखंड और असम जोड़ता है। ठीक वैसे जैसे प्यार हमें जोड़ने का काम करता है। हिमंता ने किच्छा विधानसभा में हुए विकास कार्यों का जिक्र करते हुए भाजपा प्रत्याशी राजेश शुक्ला को बीस हजार वोटों से जिताने की अपील की।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस केवल तुष्टिकरण करने का काम कर रही है। कांग्रेस मुसलमानों को केवल मुल्ला बनाना चाहती है। जबकि हम मुसलमानों को डॉक्टर, इंजीनियर बनाने का काम कर रहे है। हमने असम में मदरसे बंद करने का काम किया है। हिज़ाब विवाद का जिक्र करते हुए हिमंता ने कहा कॉलेज और स्कूल ज्ञान के लिए है। हिज़ाब घर पर पहने लेकिन स्कूल जाते समय स्कूल यूनिफॉर्म पहनना चाहिए।
उन्होंने कहा कि हरीश रावत मुस्लिम यूनिवर्सिटी बनाना चाहते हैं, लेकिन यहां यह नहीं चलेगा। हम एक ऐसी यूनिवर्सिटी चाहते हैं जिससे हमारे बच्चों को बढ़िया नौकरी मिले। हरीश रावत कौन सा सेकुलरिज्म कर रहे हैं? तुष्टिकरण का राजनीति कांग्रेस का डीएनए बन गया। जिन्ना ने देश का बंटवारा करवाया और अब कांग्रेस में जिन्ना का भूत घुस गया है। हम पांच हजार सालों से हिन्दू हैं, हिन्दू थे और रहेंगे। हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश को विश्वगुरु बनाना चाहते हैं, जबकि कांग्रेस हिजाब पहनना चाहती है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने स्व. विपिन रावत पर शक किया। जो उनकी मानसिकता को दर्शाता है। कांग्रेस क्यों सैनिकों की कार्यवाही का प्रमाण मांगती है। क्या हमने कभी राहुल गांधी से प्रमाण मांगा कि क्या वो राजीव गांधी के पुत्र हैं ? कोरोना काल में भी हमने विश्व का मुकाबला किया है। जब दूसरे देशों ने वैक्सीन बनाई तो हमने भी वैक्सीन बनाई। लेकिन विपक्ष को इस पर भी शक रहा। कांग्रेस उत्तराखंड के कल्याण के लिए नहीं है। लेकिन नरेंद्र मोदी देश के लिए जीता है। बहुत दिनों के बाद देश को नरेंद्र मोदी जैसा नेता मिला है। इसलिए मोदी को जिताये रखिये। आज हम सभी के पास मौका है कि भारत को गौरवशाली देश बनाये।
कुरआन शिक्षा के लिये प्रोत्साहित करता है,हज़रात मोहम्मद साहब ने भी कहा था : हिमंता बिस्वा
पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहाँ मोहम्मद साहब ने कुरआन में साफ़ कहा है कि शिक्षा के लिये देश छोड़ कर चीन भी जाना पड़े तो जाना चाहिये। ज्ञान प्राप्त करने के लिये बाहर भी जाना चाहिये, ज्ञान का बहुत महत्व है। उन्होंने मुसलमानो से हिज़ाब के मुद्दे को छोड़ कर शिक्षा पर जोर देने को कहा। जिससे मुसलमानो की तरक्की हो सके।