

रुद्रपुर- भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता आरपी सिंह और भाजपा के स्टार प्रचारक व सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि भाजपा किसी के साथ अन्याय नहीं करती है। विधायक राजकुमार ठुकराल का टिकट काट कर न्याय किया गया है, क्योंकि उनकी अभद्र भाषा शैली बेहद अनुशासित भाजपा बर्दाश्त नहीं कर सकती थी।
एक होटल में पत्रकारों से बात करते हुए भाजपा नेताओं ने कहा कि जो लोग भाजपा के नहीं हुए, वह जनता के भी नहीं हो सकते। भाजपा ने ठुकराल को सभासद, चेयरमैन और दो बार विधायक बनाया। भाजपा ने यदि उनका टिकट काटा था, तो नेतृत्व के फैसले को स्वीकार करना चाहिए था। जिसे वह अपनी राजनीतिक मां कहते रहे, उसके खिलाफ खड़े होने का खामियाजा उन्हें जरूर भुगतना होगा और जनता उन्हें माफ नहीं करेगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा एक परिवार है, भाजपा नेताओं ने कहा कि जो व्यक्ति अपने परिवार और मां का नहीं हो सका वह जनता का क्या हो सकता है, यह विचार करने की जरूरत है। राष्ट्रीय प्रवक्ता सिंह ने कहा कि पार्टी से गद्दारी करने वालों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बहुत नाराज हैं।
उन्होंने कहा कि हर देशवासी जानता है कि हिन्दुत्व के हित भाजपा में सुरक्षित हैं। उत्तराखंड में पुष्कर सिंह धामी की सरकार होगी और देश में नरेंद्र मोदी की सरकार तो रुद्रपुर तो क्या पूरे देश का हिन्दू सुरक्षित रहेगा। साथ ही उन्होंने अपील भी की,कि विकास और सुरक्षा चाहिए तो भाजपा के पक्ष में मतदान करना होगा।
उन्होंने कहा कि मोदी ने देश को विकास की मुख्य धारा से जोड़ा है। उत्तराखण्ड से मोदी को विशेष लगाव रहा है। ऑलवेदर रोड, स्वास्थ्य सेवाओं के लिए एम्स की स्वीकृति, एयर कनेक्टिविटी समेत विभिन्न विकास की बड़ी योजनाएं दी। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी शिव अरोरा को चुनाव जिताने की अपील की।
महिलाओं के प्रति अपमान व बदजुबानी से कटा ठुकराल का टिकट: आरपी सिंह
रुद्रपुर – उत्तराखंड विधान सभा चुनाव में मतदान के लिए अब आठ दिन शेष बचे हैं, यानी नौवें दिन प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला होनो है, लिहाजा भाजपा ने निरंतर अपने चुनाव अभियान को धार दे रही है। भाजपा के उत्तराखंड चुनाव सह प्रभारी आरपी सिंह ने प्रेस कांफ्रेेंस कर राजकुमार ठुकराल का भाजपा से टिकट काटने और छह साल के लिए भाजपा से निकाले जाने के कारण स्पष्ट किए।
उन्होंने कहा कि भाजपा एक अनुशासित अंतरराष्ट्रीय पार्टी है। इसमें अनुशासन हीनता किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाती। जबकि ठुकराल भाजपा में रहते हुए अनुशासनहीनता बदजुबानी कर रहे थे। भाजपा से बाहर का रास्ता दिखाए जाने पर वे जनता को भ्रमित करते फिर रहे हैं कि भाजपा उनकी राजनीतिक मां है, तो फिर सवाल उठता है कि ठुकराल ने मां की पीठ में छूरा घोंप कर जघन्य अपराध क्यों किया है ? जरा सोचिए जो मां की पीठ में छूरा घोंपने वाला आम जनता के लिए क्या करेगा ?
भाजपा प्रवक्ता व चुनाव सह प्रभारी आरपी सिंह ने कहा कि निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लडऩे वाले ठुकराल का एक आडियो, वीडियो वायरल हुआ जिसमें वे माताओं और बहनों के लिए आपत्तिजनक टिप्पणी कर रहे हैं। महिलाओं पर कीचड़ उछाल रहे हैं, भाजपा ऐसी किसी भी हरकत को बर्दास्त नहीं करती है। महिलाओं के दामन पर कीचड़ उछालने और उनके खिलाफ बदजुबानी करने पर भाजपा ने इस बार उनका टिकट काटा है। जो व्यक्ति वोट लेने के बाद अपनी ही जनता का अपमान करता हो वो उचित नहीं है।
उन्होंने कहा कि भाजपा में महिलाओं को सम्मान देने के परंपरा रही है, लेकिन जब कोई महिलाओं का अपमान करता है तो पार्टी उस पर ठोस कार्रवाई करने से पीछे नहीं हटती है। महिलाओं का अपमान करने पर ठुकराल को भाजपा से बाहर कर दिया गया है। आरपी सिंह ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा प्रत्याशी शिव अरोरा एक शिक्षित, सुलझे हुए व्यवहारिक व्यक्ति हैं। वे महिलाओं के साथ हर वर्ग का सम्मान करते हैं, इसलिए भाजपा ने उन्हें प्रत्याशी बनाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार का मतलब विकास की गांरटी है। भाजपा सरकार के कार्यकाल में ही आलवेदर रोड बन रही है, पहाड़ पर ट्रेन पहुंच रही हैं, अब टनकपुर-बागेश्वर रेल लाइन का काम शुरू होने वाला है। इसलिए उत्तराखंड में डबल इंजन की सरकार की जरूरत है।