

रुद्रपुर – रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी बनाये जाने पर भाजपा जिलाध्यक्ष शिव अरोरा ने भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत पार्टी के सभी वरिष्ठ नेताओं का आभार व्यक्त किया है। साथ ही उन्होंने कार्यकर्ताओं का भी धन्यवाद ज्ञापित किया।
शिव अरोरा ने कहा कि पार्टी हाईकमान ने उन पर भरोसा जताया है, जिस पर वे कार्यकर्ताओं के सहयोग से खरा उतरने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं का प्यार और जनता के आशीर्वाद से ही उन्हें टिकट मिला है। जनता के आशीर्वाद से पुनः रूद्रपुर सीट पर भाजपा का परचम लहरायेगा। पिछले पांच सालों में प्रदेश में डबल इंजन की सरकार ने ऐतिहासिक विकास कार्य किये हैं, जिसकी बदौलत इस चुनाव में जनता का रूझान भाजपा की ओर है। भाजपा सरकार ने हर विधानसभा का चहुंमुखी विकास किया है। गांव-गांव में सड़कों का जाल फैलाया है।

उन्होंने कहा कि आगामी 2025 तक सरकार ने प्रदेश को सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने का संकल्प लिया है। यह संकल्प जनता के आशीर्वाद से जरूर पूरा होगा। श्री अरोरा ने बताया कि कल वह कोविड गाईड लाइ्रन का अनुपालन करते हुए अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे।
उन्होंने क्षेत्र की जनता से सहयोग और समर्थन की अपील की। साथ ही कहा है कि जनता के आशीर्वाद से विधायक बनकर उनका प्रयास रहेगा कि विधानसभा में हर समस्या का निराकरण समय से किया जा सके। जनता के लिए वह हर समय तत्पर रहेंगे और रूद्रपुर विधानसभा को विकास का मॉडल बनाकर दिखायेंगे।
आवास पर लगा तांता
भारतीय जनता पार्टी से रुद्रपुर के विधान सभा प्रत्याशी घोषित होने के बाद शिव अरोरा समर्थकों का उनके आवास पर तांता लगा रहा। प्रत्याशी घोषित होने के बाद शिव अरोरा समर्थकों में खुशी की लहर है। कल रात ही उनके एलायंस स्थित आवास पर हजारों की संख्या में लोग एकत्र होकर बधाई देते नजर आए।
श्री अरोरा लोगों को भरोसा दिलाया कि वे जनाकांक्षाओं पर खरा उतरेंगे। रुद्रपुर के विकास को नया वीजन देंगे। रुद्रपुर में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए रुड़की के इंजीनियरों की टीम से सर्वे कराकर इस समस्या का स्थाई समाधान कराएंगे। मेडिकल कालेज में पढ़ाई शुरू कराएंगे, ताकि छात्रों को डाक्टर बनने का मौका मिल सके। रुद्रपुर को शिक्षा के क्षेत्र में आगे ले जाएंगे। नए रुद्रपुर के निर्माण के लिए बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित कराएंगे। उनके पास बहुत सी योजनाएं हैं, जिन्हें वे धरातल पर साकार करेंगे। साथ ही उन्होंने ट्रांजिट कैंप की दानपत्र के आधार पर बिकी जमीनों की समस्या का समाधान करा कर लोगों को मालिकाना हक दिलाएंगे।