
रुद्रपुर – भाजपा विधायक राज कुमार ठुकराल की प्रतिज्ञा पूरी हो गई है,उन्होंने घोषणा की थी कि अगर वो रुद्रपुर के लोगो को नजूल भूमि पर मालिकाना हक नहीं दिला पाये तो वो 2022 में होने वाला विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। आज उत्तराखंड सरकार ने नजूल भूमि पर मालिकाना हक़ के लिये शासनादेश जारी कर दिया। अब जहाँ विधायक राज कुमार ठुकराल का चुनाव लड़ने का रास्ता साफ़ हो गया है,वही उनके विरोधी भी परास्त हो गये है। जो विधायक ठुकराल को उनकी प्रतिज्ञा याद दिला कर चुनाव न लड़ने के लिये बोल रहे थे।

राज्य सरकार द्वारा शासनादेश जारी होते ही विधायक राज कुमार ठुकराल ने रुद्रपुर सिटी क्लब में प्रेस वार्ता आयोजित कर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ऐतिहासिक फैसले पर आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नजूल भूमि पर 22000 परिवारों सहित प्रदेश के हजारों परिवारों को मालिकाना हक देकर धामी सरकार ने साबित कर दिया कि भाजपा सरकार समाधान की सरकार है हम जनता के हित में जो कहते हैं वो करते भी हैं l
विधायक ठुकराल ने कहा कि शासनादेश में 50 वर्गमीटर तक घरों में निवास कर रहे हजारों लोगों को निःशुल्क पट्टा देने जैसा ऐतिहासिक कदम उठाकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बता दिया कि ये सरकार गरीबों, वंचितों, पिछड़ों एवं जरूरत मंद लोगों की सरकार है। आम आदमी के हितों को सुरक्षित रखने के लिए धामी सरकार हर फैसला लेने को तैयार हैं।
विधायक ठुकराल ने कहा कि इसके अलावा शासनादेश में फ्री होल्ड हेतु पूर्व में जमा 25 प्रतिशत राशि को भी समायोजित किया जायेगा, ये प्रावधान भी किया गया है। उन्होंने कहा कि आज जारी हुए शासनादेश के उपरांत अब हमारी जिम्मेदारी और बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि मलिन बस्तियों में निवास कर रहे परिवारों को उनके घर के मालिकाना हक के कागजात
शीघ्र अति शीघ्र उन्हें सौंपे जाएं इस हेतु एक सरल प्रक्रिया अपनाई जाएगी जिससे और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं अपने हाथों से मालिकाना हक के कागजात सौंपेंगे इस हेतु वह हर प्रयास कर रहे हैं।
विधायक ठुकराल ने कहा कि उन्होंने संकल्प लिया था कि नजूल भूमि पर मालिकाना हक न दिलवा पाया तो वो चुनाव नहीं लड़ेंगे। उन्होंने कहा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित समस्त कैबिनेट ने मेरे संकल्प और वचन की जो लाज रखी उसके लिए मैं पूरी विधानसभा और हर भाजपा कार्यकर्ता का आभार व्यक्त करता हूँ। विधायक ठुकराल ने सरकार के साथ ही शासन और प्रशासन को धन्यवाद दिया और कहा कि जितनी तेजी से इस शासनादेश को निर्गत किया गया वह खुद में सराहनीय है।
इस दौरान मेयर रामपाल सिंह, किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अनिल चौहान, भाजपा नेता सुरेश कोली, विपिन शर्मा, आशीष छाबड़ा, संजय ठुकराल, राजेश ग्रोवर, आनंद शर्मा, बंटी कोली, पार्षद सुशील चौहान, पार्षद बबलू सागर, सहित कार्यकर्ता उपस्थित थे l