

किच्छा – स्व. डॉ. मेहर सिंह कामरा हम सभी के प्रेरणास्रोत रहे हैं, इसलिए हम सभी का कर्तव्य है कि हम उन्हें व उनके परिवार को उचित सम्मान दें। यह स्मृति द्धार कामरा परिवार समेत पूरे समाज को समर्पित है।
यह बात स्थानीय विधायक राजेश शुक्ला ने स्व. डॉ. मेहर सिंह कामरा की याद में बने स्मृति द्वार का लोकार्पण करते वक़्त कही। न्यू पंजाबी कॉलोनी के मुख्य द्वार पर स्व. डॉ. मेहर सिंह कामरा द्वार का लोकार्पण विधायक राजेश शुक्ला ने किया।
लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान विधायक शुक्ला ने कहा डॉ. कामरा ने किच्छा की सेवा की है, उनके चिकित्सकीय अनुभव का किच्छा वासियों को भरपूर लाभ मिला है। जिसकी मिसाल आज भी सुनने को मिलती है। किच्छा उनके द्वारा समाज हित में किये गए कार्यों के लिए उनका हमेशा ऋणी रहेगा। यह स्मृति द्वार उनको एक श्रद्धांजलि मात्र है। लोकार्पण से पहले कामरा परिवार ने बड़े ही गर्मजोशी से विधायक शुक्ला का जोरदार स्वागत कर आभार भी जताया।
कार्यक्रम का संचालन सुभाष तनेजा द्वारा किया गया। वहां पर डॉ राजेंद्र सिंह कामरा, सुरजीत कामरा, सरदार प्रताप सिंह कामरा, देवभूमि व्यापार मंडल अध्यक्ष महेंद्र गोयल, सुदर्शन ठुकराल, धर्मराज जायसवाल, विनोद फुटेला, मनमोहन सक्सेना, स्वतंत्र राय, विवेक राय, शैली फुटेला, नितिन फुटेला समेत सैकड़ों लोग मौजूद थे।