– इंडिया नज़र ब्यूरो
रुद्रपुर – कांग्रेस जिला कार्यालय पर आज नवनियुक्त नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस के कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्षों सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं का जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से जोरदार स्वागत किया गया। कार्यवाहक जिलाध्यक्ष हिमांशु गावा की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह, उप नेता प्रतिपक्ष करन मेहरा, नवनियुक्त कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष भुवन कापड़ी,रंजीत रावत ,जीत राम आर्य के अलावा जसपुर के विधायक आदेश चैहान ,कैंपेनिंग कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष सुमित हृदयेश, यूथ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सुमित्तर भुल्लर, युवा कांग्रेस नेता प्रिंस एवं एआईसीसी के सेकेट्री काजी निजामुद्दीन का गाजे बाजों के साथ बड़ी माला पहनाकर स्वागत किया और सभी को शाॅल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
स्वागत से अभिभूत नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह ने भाजपा सरकार की नीतियों पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि साल 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने सत्ता में आने के लिए प्रदेशवासियों को बड़े-बड़े सपने दिखाए थे।उत्तराखंड को विकसित करने का खूब दम भरा गया, लेकिन भाजपा के सारे वादे जुमले साबित हुए। भाजपा ने एक भी वादा पूरा नहीं किया। ऊपर से लोगों पर महंगाई की मार अलग से पड़ रही है। महंगाई ने सारे रिकार्ड ध्वस्त कर दिये हैं खाद्य तेल की कीमतें दो सौ रूपये तक पहुंच चुकी है।
वहीं पेट्रोल और डीजल के दाम लगातार बढ़ने से हर चीज महंगी हो गयी। इस सरकार ने आम आदमी का जीना दूभर कर दिया है। प्रीतम सिंह ने कहा कि राज्य में बोरोजगारी का ग्राफ बढ़ता ही जा रहा है। युवा रोजगार पाने के लिए पलायन करने को मजबूर हैं लेकिन भाजपा सरकार को इन सब बातों कोई सरोकार नहीं है। किसानों का ऋण भी माफ नहीं हुआ है।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने भ्रष्टाचार मुक्त सरकार का वादा किया था। लेकिन पूरी की पूरी सरकार ही भ्रष्टाचार में लिप्त है। अर्थव्यवस्था चरमरा चुकी है। विकास कार्य अधर में लटके हुए हैं। कोरोना काल में स्वास्थ्य व्यवस्था को व्यवस्थित करने में सरकार पूरी तरह से नाकाम साबित हुई अब तीसरी लहर की चेतावनी जारी की गयी हे इसके बावजूद सरकार की नींद नहीं टूट रही। प्रदेश में वैक्सीनेशन की गति धीमी पड़ गयी है। वैक्सीन लगाने कैम्प में पहुंच रहे लोगों ाके निराश होकर लौटना पड़ रहा है। प्रीतम सिंह ने कहा कि अब उत्तराखंड के लोग भाजपा के जुमलों में फंसने वाले नहीं हैं। प्रदेश के लोग अब जान चुके हैं कि चाहे विधानसभा का चुनाव हो या लोक सभा का भाजपा सिर्फ जुमलेबाजी ही कर सकती है । लेकिन अब प्रदेश की जनता भाजपा के चुनावी जुमलों में फंसने वाली नहीं है। जनता 2022 के विधानसभा चुनाव की प्रतीक्षा कर रही है। इस बार जनता ने सत्ता में बदलाव करने का मन बना लिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रचण्ड बहुमत से सरकार बनायेगी और उत्तराखण्ड की जनभावनाओं के अनुरूप प्रदेश का विकास करेगी।
कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष रंजीत रावत ने कहा कि भाजपा सरकार की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है। महंगाई बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और जनविरोधी नीतियों से आम जन त्रस्त हो चुका है। उन्होंने ने कहा कि पांच साल में तीन सीएम बदलकर भाजपा ने साबित कर दिया है कि उसके पास सत्ता चलाने के लिए कोई योग्य व्यक्ति नहीं है इसी लिए भाजपा ने इस राज्य को सीएम बनाने की प्रयोगशाला बना दिया है। भाजपा के गलत फैसलों से आज प्रदेश विकास की दौड़ में पिछड़ता जा रहा है। उत्तराखण्ड की जनता अब कांग्रेस को सत्ता सौंपकर भाजपा को करारा सबक सिखायेगी।
कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष भुवन कापड़ी ने कहा कि साल 2017 के चुनाव से पहले भाजपा ने घोषणा की थी कि हम किसानों का कर्ज माफ करेंगे, युवाओं को रोजगार देंगें, महंगाई पर लगाम लगायेंगे। सरकार आने के बाद भाजपा ने न तो किसानों का ऋण माफ किया और न ही उन किसानों की सुध ली जिन्होंने कर्ज के कारण आत्म हत्या कर ली। भाजपा कहती थी कि हम युवाओं को रोजगार देंगे। पिछले साढ़े चार साल में रोजगार देना तो दूर जो पूर्व की कांग्रेस सरकार में भर्तियां निकाली गयी उन्हें भी भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ा दिया। बेरोजगारों के लिए सरकार के पास कोई नीति नहीं है। पूर्व में कांग्रेस सरकार में जो उद्योग स्थापित हुए थे आज वह बंद होते जा रहे हैं और हजारों युवाओं की नौकरी छिन गयी है। युवाओं के सुरक्षित भविष्य के लिए भाजपा ने अब तक कोई योजना नहीं बनाई।
कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष जीत राम आर्य ने कहा कि विकास की सोच सिर्फ कांग्रेस के पास है। प्रदेश में कांग्रेस सरकार के दौरान जा ेविकास कार्य हुए वह किसी से छिपे नहीं है। आज हजारों लोगों को सिडकुल के उद्योगों में जो रोजगार मिला है वह कांग्रेस सरकार की देन है। भाजपा सरकार में आज ये उद्योग भी बंदी के कगार पर पहुंच चुके हैं। कई उद्योग बंद हो चुके हैं जिनसे हजारों युवाओं को बेरोजगार होना पड़ा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सत्ता में आकर एक बार फिर औद्योगिक विकास को बढ़ावा देकर हजारों युवाओ को रोजगार देगी।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष सोनू शर्मा ने कहा कि डबल इंजन की सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुयी है। इस सरकार ने अन्नदाता के साथ अन्याय किया है इसकी बड़ी कीमत इस सरकार को चुकानी पड़ेगी। शर्मा ने कहा कि पिछले एक साल से किसान आंदोलन की राह पर है लेकिन पूंजीपतियों की कठपुतली बनी सरकार के कानों में जूं नहीं रहेंग रही है। कृषि विधेयक लाकर सरकार ने सिर्फ किसानों के साथ अन्याय किया है बल्कि आम जनता का हक छीनने की भी कोशिश की है इसके लिए जनता कभी भाजपा को माफ नहीं करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आहवान करते हुए कहा कि भाजपा सरकार की नाकामियों को जनता के बीच ले जायें और इस सरकार को उखाड़ फैंकने के लिए कमर कस लें।
इस अवसर पर कांग्रेस सोशल मीडिया विभाग की प्रदेश अध्यक्ष शिल्पी अरोरा, कार्यवाहक जिलाध्यक्ष हिमांशु गावा, हरीश पनेरू, पुष्कर राज जैन, सीपी शर्मा,ममता हाल्दार, गुरजीत सिंह गित्ते, पवन वर्मा, राजकुमार भुसरी, महबूब अंसारी, नारायण हालदार, हरिंदर पाल, श्यामल मण्डल, सोनू शर्मा, साबिर अहमद, शिशु पाल सिंह, उमा सरकार, मानस बैरागी, अबरार अंसारी आदि मौजूद थे।