

रूद्रपुर – आगामी विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी है। इसी सिलसिले में कांग्रेस केन्द्रीय संगठन द्वारा भेजे गये जिला समन्वयकों ने आज कांग्रेस के ब्लाक एवं नगर अध्यक्षों की बैठक ली। बैठक में आगामी चुनाव में पार्टी को बूथ स्तर पर मजबूत बनाने के लिए रणनीति तय की गयी और आगामी कार्यक्रमों को लेकर जिम्मेवारियां सौंपी गयी।
कांग्रेस जिला कार्यालय पर कार्यवाहक जिलाध्यक्ष हिमांशु गावा के आहवान पर बुलायी गयी बैठक में जिला समन्वयक मनोज सिंह पटेल,लवलेश सिंह और नईम अहमद ने पार्टी के ब्लाक और नगर अध्यक्षों के साथ ही अन्य पदाधिकारियों के साथ चुनाव की तैयारियों पर व्यापक विचार विमर्श किया गया।
जिला समन्वयक लवलेश सिंह ने कहा कि कांग्रेस आगामी विधानसभा चुनाव को पूरे दमखम के साथ लड़ेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा की नीतियों से जनता का मोह भंग हो चुका है और प्रदेश की जनता अब इस सरकार से मुक्ति चाहती है। जनता एक बार फिर कांग्रेस की ओर आशा भरी नजरों से देख रही है। भाजपा सरकार में आम आदमी को छोटे छोटे काम कराने के लिए भी भारी दिक्कतें उठानी पड़ रही है। दूसरी तरफ बेतहाशा बढ़ रही महंगाई ने आम आदमी का जीना दूभर कर दिया है। इस सरकार को सबक सिखाने के जनता बेताब है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की नाकामियों को जनता के बीच रखने का आहवान किया। बैठक में समन्वयकों ने बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत बनाने पर जोर दिया और महत्वपूर्ण टिप्स भी दिये। जिला समन्वयक मनोज सिंह पटेल ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पार्टी संगठन को मजबूत बनाने के लिए प्रदेश भर में कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गयी है। पार्टी हाईकमान ने प्रदेश के सभी जिलों में कोर्डिनेटर नियुक्त किये हैं इसी के तहत उधम सिंह नगर में तीन कोआर्डिनेटर बनाये गये है।
पटेल ने आगामी कार्यक्रमों के बारे में बताया कि कल से 5 जुलाई तक प्रत्येक न्याय पंचायत स्तर और वार्डों में कांग्रेस पार्टी के झण्डे के साथ पद यात्रा निकाली जायेगी। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्र में हर न्याय पंचायत और शहरी क्षेत्र में हर वार्ड में 100-100 लोगों को शामिल कर विधानसभा स्तरीय एक वाट्सएप ग्रुप बनाया जायेगा। इस ग्रुप के माध्यम से पार्टी के कार्यक्रमों की सूचनाएं प्रेषित करने के साथ ही चुनाव की तैयारियों को लेकर समय समय पर आवश्यक जानकारियां दी जायेगी।
इसके साथ ही पार्टी के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के घर एवं वाहनों आदि में कांग्रेस के झण्डे स्टिकर लगाये जायेंगे। साथ ही डैमेज कंट्रोल ओर असंतुष्ट कार्यकर्ताओं को मनाने के लिए भी बैठकों का आयोजन किया जायेगा। पार्टी के निष्क्रिय पदाधिकारियों को सक्रिय करने के साथ ही जो पद रिक्त चल रहे हैं, उन पर भी नियुक्तियां कर कार्यकर्ताओं को विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने के लिए प्रेरित किया जायेगा। समन्वयकों ने इन सभी कार्यक्रमों के लिए पार्टी के ब्लाक एवं नगर अध्यक्षों को अपने अपने क्षेत्रों के लिए जिम्मेवारियां सौंपी। साथ ही पार्टी पाधिकारियों से सोशल मीडिया पर भी सक्रिय होकर पार्टी का प्रचार करने पर जोर दिया।
समन्वयक नईम अहमद ने पार्टी कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेद भुलाकर विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने का आहवान किया। उन्होंने कहा कि आगामी कार्यक्रमों के लिए जो भी जिम्मेदारियां सौंपी गयी हैं उन्हें पूरी निष्ठा से निभाते हुए पार्टी हित में काम करें। कार्यवाहक जिलाध्यक्ष हिमांशु गावा ने केंद्रीय नेतृत्व द्वारा भेजे गये समन्वयकों का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया साथ ही बैठक में पहुंचे ब्लाक नगर अध्यक्षों के साथ ही अन्य पदाधिकारियों का भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह है। जिले में पार्टी को मजबूत बनाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी जायेगी। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में जिले की सभी सीटों पर कांग्रेस का परचम लहरायेगा।
बैठक में कांग्रेस मजदूर संघ के प्रदेश अध्यक्ष सीपी शर्मा, पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष संदीप चीमा,राजू भुसरी, जिला महामंत्री मदन लाल खन्ना, पवन वर्मा, सुशील मण्डल, विरेंद्र कोली, नंद किशोर गंगवार, विजय मण्डल, दिलीप अधिकारी, गदरपुर के ब्लाक अध्यक्ष नासिर हुसैन, नगर अध्यक्ष सि(अर्थ भुसरी, किच्छा के ब्लाक अध्यक्ष गुड्डू तिवारी, नगर अध्यक्ष अरूण तनेजा, सितारगंज के ब्लाक अध्यक्ष करन जंग और नगर अध्यक्ष हरपाल, नानकमत्ता ब्लाक अध्यक्ष आनन्द राणा, खटीमा के ब्लाक अध्यक्ष बाॅबी राठौर, नगर अध्यक्ष रवीश भटनागर, पंतनगर के अध्यक्ष महेन्द्र शर्मा आदि सहित अन्य कांग्रेसी मौजूद थे।