– अज़हर मलिक
बाजपुर – नगर पालिका में स्टोर इंचार्ज के पद पर कार्यरत सीताराम तिवारी ने प्रदेश सरकार से पद सर्जन कर दैनिक वेतन वाले कर्मचारियों को स्थायी किये जाने की मांग की। इस दौरान उन्होंने जल्द ही सरकार द्वारा कोई कार्यवाही नही करने पर आत्मदाह की चेतावनी दी है।
बता दें कि बाजपुर नगर पालिका में स्टोर इंचार्ज सीताराम तिवारी ने नगर पालिका में प्रेस वार्ता की। इस दौरान उन्होंने बताया कि 1990 में दैनिक वेतन पर उन्होंने लाइनमैन के पद पर नौकरी शुरू की थी। जिसके बाद वर्ष 2011 में उन्हें नगर पालिका द्वारा स्टोर इंचार्ज का पद दिया गया। लेकिन 32 वर्ष नगर पालिका में कार्य करने के बाद भी सरकार द्वारा उन्हें दैनिक वेतन से स्थाई कर्मचारी नियुक्त नहीं किया गया है। उन्होंने बताया कि स्थाई कर्मचारी बनाए जाने को लेकर उनके द्वारा प्रदेश के सभी मुख्यमंत्रियों को ज्ञापन देकर मांग भी की गई है। लेकिन अभी तक किसी के कान पर जूं नहीं रेंग रही है।
साथ ही उन्होंने कहा कि उनके द्वारा कोरोनावायरस लगातार कार्य किया जा रहा है लेकिन सरकार दैनिक वेतन पर नियुक्त कर्मचारियों के साथ खिलवाड़ करने का काम कर रही है। साथ ही सीताराम तिवारी ने प्रदेश सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही सरकार द्वारा उन्हें स्थाई कर्मचारी नियुक्त नहीं किया गया तो वह आत्मदाह करने को बाध्य होंगे।