– इंडिया नज़र ब्यूरो
रुद्रपुर – उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर से कल भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के स्वागत समारोह में भाजपा की बाइक रैली में झंडे लगाने वाले एक युवक विवेक को मज़दूरी के पैसे माँगने पर पेट्रोल डाल कर आग लगा देने का दर्दनाक मामला सामने आया है। युवक को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस मामले को लेकर कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष हिमांशु गाबा ने इस घटना को शर्मनाक बताया है और इस मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की मांग की है।
दरअसल रुद्रपुर के रम्पुरा के रहने वाले अमन ने रम्पुरा पुलिस चौकी में दी गई तहरीर में यह सनसनीखेज आरोप लगाया है। अमन ने इस मामले में अपनी तहरीर में कहा है कि बीती 9 अप्रैल को सुबह 10 बजे विवेक को भाजपा की बाइक रैली झंडे लगाने के लिये 300 मज़दूरी पर दो युवक अपने साथ ले गये थे। काम होने के बाद सौ रूपये दिए गये। जब वाकी पैसे मांगे तो उसके साथ गाली गलौज और मारपीट की गई। रात को जब 9 बजे वो घर से निकला तो दोनों युवको ने विवेक पर पैट्रोल डाल कर आग लगा दी। जिससे उसका पूरा शरीर जल गया।
अब विवेक का रुद्रपुर के जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है,विवेक ने भी इन आरोपों को दोहराया है और भाजपा की रैली में झंडे लगाने और मज़दूरी मांगने पर उस पर पैट्रोल छिड़क कर आग लगाने का आरोप लगाया है।
मामला गंभीर इस लिये हो गया है कि राज्य की सत्ताधारी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के प्रथम बार रुद्रपुर आगमन पर निकाली गई बाईक रैली में जिस मज़दूर ने रैली में भाजपा के झंडे लगाने के बाद भी मज़दूरी की जगह उस पर कथित रूप से पैट्रोल डाल कर आग लगाने का आरोप लगाया है। इस आरोप में कितनी सच्चाई है ? यह जांच का विषय है। यदि आरोप सही साबित होते है तो यह भाजपा के माथे पर गंभीर आरोप होगा। दोनों आरोपी भाजपा से जुड़े बताये जा रहे है।
पुलिस उपाधीक्षक अमित कुमार का कहना है कि इस मामले की जांच कर रहे है। प्रथम दृष्टयता पीड़ित के स्वयं आग लगाने की बात सामने आ रही है। जांच में जो साक्ष्य सामने आयेंगे उसके अनुसार कार्यवाही की जायेगी।
बहरहाल जो भी हो विवेक नामक युवक को क्या सचमुच भाजपा की रैली में झंडे लगाने के बाद मज़दूरी मांगने पर जलाया गया है अथवा किसी आपसी विवाद में गुस्साये पीड़ित ने खुद को आग के हवाले किया है। यह तो पुलिस की जांच के बाद ही सामने आयेगा। इसकी गंभीरता से जांच होनी चाहिये जिससे सच सामने आ सके।
हिमांशु गाबा ने घटना की निंदा की
वही इस मामले में जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष हिमांशु गाबा ने अपने ब्यान में कहा है कि यह घटना काफी दुखद और निन्दनीये है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत समारोह में झंडे लगाने वाले युवक को जलाने पर सख्त कार्यवाही करनी चाहिए। साथ ही कोरोना काल में ऐसे स्वागत समारोह पर भी सवाल उठाये। उन्होंने कहा कि बिना हेलमेट और मास्क के बाईक रैली निकालकर भाजपा ने यातायात नियमो की धज्जिया भी उड़ाई है।
भाईचारा एकता मंच ने भाजपा नेताओ पर मुकदमा दर्ज करने की मांग की
भाईचारा एकता मंच के केंद्रीय अध्यक्ष के पी गंगवार ने इस मामले पर भाजपा नेताओ पर कडा प्रहार करते हुए कहा है कि एक दिहाड़ी मज़दूर के साथ अमानवीय घटना पर भाजपा नेताओ के खिलाफ ह्त्या के प्रयास का मुकदमा कायम किया जाना चाहिये। भाईचारा एकता मंच मज़दूर की लड़ाई सड़क से सब मोर्चे पर लड़ेगा।
(के पी गंगवार,केंद्रीय अध्यक्ष,भाईचारा एकता मंच)