

– अज़हर मलिक
रुद्रपुर – उत्तराखंड में भी तीन कृषि कानूनो के खिलाफ किसानो का गुस्सा कम नहीं हो रहा है। किसान संयुक्त मोर्चा के आह्वान पर तराई किसान संगठन समेत तमाम किसान संगठनों ने आज ऊधम सिंह नगर जिले के किच्छा स्थित चुटकी देवरिया के टोल प्लाज़ा पर भारी संख्या में पहुंच कर टोल फ्री कर धरना दिया,जनसभा की और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर
नारेबाजी की। किसानो के प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए टोल प्लाज़ा पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। विशेष कर अपर पुलिस अधीक्षक ममता बोरा कार्यक्रम के दौरान जमी रही।
तीन कृषि बिलो को वापस लेने की मांग को लेकर किसान संयुक्त मोर्चा के प्रस्तावित कार्यक्रम में भारी संख्या में किसान नेशनल हाईवे 74 पर चुटकी देवरिया में बने टोल प्लाजा पर थे। यहां किसानो ने धरना देकर प्रदर्शन किया और जनसभा भी की जिसमे किसान नेताओ ने केंद्र सरकार को जमकर कोसा।

जनसभा में किसान नेता तजिंदर सिंह विर्क ने किसानो को सम्बोधित करते हुए कहा कि केंद्र सरकार के तीनो काले कृषि कानून बिल को किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं किया जायेगा । इन थोपे गये बिलो को जब तक केंद्र सरकार वापस नहीं लेती है, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। इसके अलावा अन्य वक्ताओं ने भी सम्बोधित किया।
संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर तराई किसान संगठन और अन्य किसान संगठनों ने लालपुर टोल प्लाजा को सुबह ग्यारह बजे से शाम पांच बजे तक फ्री करवा दिया। उधर किसानों के धरने में कांग्रेस के पूर्व मंत्री तिलकराज बेहड़, हाजी सरवर यार खान, हरीश पनेरू, ठाकुर संजीव सिंह, पुष्कर राज जैन, अनिल शर्मा समेत तमाम नेताओं ने भी पहुंच कर समर्थन दिया।
किसानो के धरना प्रदर्शन पर टोल प्लाज़ा के मैनेजर राहुल शर्मा ने बताया कि टोल फ्री होने के बाद भारत सरकार के रेवन्यू को क्षति पहुंची है। कुल मिलाकर किसानो का धरना प्रदर्शन शांतिपूर्ण निबट गया।