– अज़हर मलिक
ऊधम सिंह नगर – कृषि कानून के विरोध में चल रहे किसान आंदोलन के चलते केंद्र सरकार द्वारा किसानों की मांग पूरी ना होने पर 6 जनवरी यानी आज देशभर में चक्का जाम करने का निर्णय लिया था। लेकिन उत्तर प्रदेश के साथ-साथ अब उत्तराखंड में भी संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर चक्का जाम और भारत बंद नहीं किया जायेगा। जिसको लेकर भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष कर्म सिंह पड्डा ने प्रशासन को आश्वासन दिया है। जिसके बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली है।
आप को बता दें कि कृषि कानून के विरोध में किसानों का 2 माह से अधिक समय से आंदोलन चल रहा है। 26 जनवरी के बाद संयुक्त किसान मोर्चा ने 6 जनवरी को देश भर में चक्का जाम करने का निर्णय लिया था। लेकिन अब उत्तराखंड के भारतीय किसान यूनियन ने चक्का जाम न करने की बात कही है। शुक्रवार को बाजपुर के ग्राम नंदपुर नरका टोपा में किसानों ने पुलिस प्रशासन के साथ बैठक कर गन्ने के सीजन के चलते चक्का जाम को निरस्त करने की बात कही है। इस दौरान भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष कर्म सिंह पड्डा ने प्रशासन को लिखित आश्वासन भी दिया है। जिसके बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली है। इस दौरान उन्होंने कहा कि गन्ना किसानों की परेशानियों को देखते हुए उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश ने चक्का जाम करने से मना किया है। जिसकी जगह भारतीय किसान यूनियन से जुड़े किसान प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपकर अपना आक्रोश व्यक्त करेंगे।