

ऊधम सिंह नगर – उत्तराखंड के तराई में किसानो का गुस्सा तीन कृषि कानूनों के लेकर कम नहीं हो रहा है. जिले के बाजपुर में लोहड़ी के पर्व पर भगत सिंह चौक पर किसानो ने कृषि कानून के विरोध में कृषि कानून की प्रतियां जलाकर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान किसानों ने 26 जनवरी को भारी संख्या में दिल्ली पहुंचकर ट्रैक्टर परेड करने की केंद्र सरकार को चेतावनी भी दी।
आपको बता दें कि कृषि कानून के विरोध में किसानों का गुस्सा लगातार बढ़ता जा रहा है, जिसके चलते किसानों के शीर्ष नेतृत्व के आह्वान पर बाजपुर के भगत सिंह चौक पर भारी संख्या में किसान एकत्र हुए, जहां किसानों ने कृषि कानून का विरोध करते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। जिसके बाद किसानों ने लोहड़ी के पर्व पर भगत सिंह चौक पर लोहड़ी जलाकर कृषि कानून की प्रतियां जलाई।
इसी के साथ ही 35 दिनों से धरने पर बैठी स्कूली छात्राओं ने भी कृषि कानून की प्रतियां जलाकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान किसान नेता अजीत प्रताप रंधावा ने बताया कि दिल्ली में लंबे समय से आंदोलन कर रहे जत्थे बंदियों के निर्देश पर आज यहां पर काले कानूनों की प्रतियां जलाकर अपना रोष प्रकट किया गया है। साथ ही चेतावनी दी कि यदि सरकार अभी भी नहीं मानती तो आने वाली 26 जनवरी को पूरे देश के किसान ट्रैक्टर लेकर दिल्ली में परेड निकालेंगे। स्कूली छात्रा जसकिरन कौर ने कहा कि लोहड़ी के पर्व पर समाज के लोग अपने दुखों को अग्नि में जलाते हैं तथा सुख की कामना करते हैं, ऐसे में आज किसानों ने इन काले कानूनों की प्रतियो को जलाकर इन कानूनों को वापस कराने की मांग की है।