


बाजपुर – ऊधम सिंह नगर जिले की बाजपुर चीनी मिल प्रशासन द्वारा किसानों का गन्ना समय से नहीं लिए जाने और किसानों को जबरन परेशान करने को लेकर किसानों ने चीनी मिल में प्रदर्शन किया और 8 घंटे के भीतर गन्ना ना लिए जाने पर प्रदर्शन की चेतावनी दी। बता दें कि बाजपुर चीनी मिल के नवीन प्राइस सत्र का शुभारंभ 20 नवंबर को कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य ने किया था।

लेकिन कुछ दिन पेराई सत्र सही चलने के बाद चीनी मिल प्रशासन की व्यवस्था धराशाही दिखाई दी। जिसको लेकर गन्ना किसानों ने चीनी मिल में प्रदर्शन किया और चीनी मिल प्रशासन पर गन्ने को पेराई के लिए जल्द नही लिए जाने और जबरान किसानों को परेशान करने का आरोप लगाया। इस दौरान किसानों ने चीनी मिल के चीफ इंजीनियर विनीत जोशी का घेराव किया।

इस दौरान किसानों ने कहा कि चीनी मिल प्रशासन ने आधी अधूरी व्यवस्था के साथ चीनी मिल के नवीन पेराई सत्र को शुरू करने का काम किया है। यही कारण है कि 56 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी किसानों के गन्ने को पेराई के लिए नहीं लिया जा रहा है। किसानों ने कहा कि चीनी मिल के बाहर 3 दिन से गन्ना खड़े होने से धूप में गन्ना सूख रहा है जिससे किसानों को काफी नुकसान का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही किसानों ने कहा कि यदि 8 घंटे के भीतर किसानों के गन्ने को नहीं लिया गया तो किसान उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे।